कश्यप घाट पर चला विशेष स्वच्छता अभियान, 38 कट्टे सूखा कचरा हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में शनिवार को ऋषिकुल चौक स्थित कश्यप घाट पर विशेष स्वच्छता एवं गाजर घास उन्मूलन अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य घाट क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाना तथा आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार आयोजित इस अभियान में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रेरणा से नगर निगम हरिद्वार, आईटीसी मिशन सुनहरा कल तथा श्री भुवनेश्वरी महिला आश्रम ने संयुक्त रूप से श्रमदान किया। अभियान के दौरान घाट परिसर और आसपास फैले कचरे की व्यापक सफाई की गई तथा गाजर घास हटाकर क्षेत्र को स्वच्छ बनाया गया। स्वच्छता अभियान के दौरान कुल 38 कट्टे सूखा कचरा एकत्रित कर वैज्ञानिक निस्तारण के लिए नगर निगम हरिद्वार को सौंपा गया। साथ ही गाजर घास का उन्मूलन कर पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के प्रति लोगों को जागरूक किया गया। अभियान में शामिल अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों ने नागरिकों से अपील की कि स्वच्छता को केवल एक अभियान न मानें, बल्कि इसे अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं। उनका कहना था कि जनसहभागिता, श्रमदान और सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर हरिद्वार का निर्माण संभव है। अभियान के अंत में सभी प्रतिभागियों ने “स्वच्छता ही सेवा, स्वच्छता ही संस्कार” का संदेश देते हुए स्वच्छ पर्यावरण बनाए रखने का संकल्प लिया। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे, ताकि गंगा घाटों और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।









