हरिद्वार

सुशासन एवं समर्पण सेवा पखवाड़े का शुभारंभ, 59 लाभार्थी सम्मानित, 30 जुलाई तक चलेंगे जनकल्याण शिविर

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में आमजन ने मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी देखा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने पिछले पांच वर्षों में जनहित, सुशासन और विकास के क्षेत्र में अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। उन्होंने कहा कि समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून, सशक्त भू-कानून, राष्ट्रीय खेलों और जी-20 जैसे आयोजनों ने उत्तराखंड को नई पहचान दिलाई है। सरकार सेवा, सुशासन और समर्पण की भावना के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए कार्य कर रही है। कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर लगातार बढ़े हैं। उन्होंने बताया कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिल चुकी हैं और प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सेवा पखवाड़ा सरकार की जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा हरिद्वार में सड़क, पेयजल, सीवरेज, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। जगजीतपुर मेडिकल कॉलेज शुरू होने से स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि 30 जुलाई तक ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत जनपद के सभी विकासखंड मुख्यालयों पर विभिन्न विभागों के सहयोग से शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 19 लाभार्थियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया, जबकि मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना के तहत 40 धात्री महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की गई। इस प्रकार कुल 59 लाभार्थियों को सम्मानित एवं लाभान्वित किया गया। मत्स्य, पशुपालन, कृषि और उद्यान विभाग के प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। स्कूली छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया। कार्यक्रम में मेयर किरण जैसल, रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, ओमप्रकाश जमदग्नि, नितिन गौतम, आदेश सैनी, संजय अरोड़ा, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हरी गिरी, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button