रुड़की

कलयुग: 95 वर्षीय नानी से दुष्कर्म का आरोप, विरोध करने पर गला दबाकर हत्या की कोशिश

शराब के नशे में धुत युवक की शर्मनाक करतूत, परिजनों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। हरिद्वार जनपद के रुड़की स्थित मंगलौर कोतवाली क्षेत्र से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक बेहद संवेदनशील और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। नारसन चौकी क्षेत्र के एक गांव में एक युवक पर अपनी 95 वर्षीय नानी के साथ दुष्कर्म करने तथा विरोध करने पर उनका गला दबाकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगा है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश और दहशत का माहौल है।

पुलिस के अनुसार आरोपी युवक (पहचान गोपनीय रखते हुए काल्पनिक नाम कमल) मूल रूप से ज्वालापुर क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। वह पिछले करीब तीन वर्षों से अपनी नानी के गांव में उनके घर के समीप किराये के मकान में रह रहा था। जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात युवक शराब के नशे में अपनी नानी के घर पहुंचा। उस समय परिवार के अन्य सदस्य अपने-अपने कमरों में सो रहे थे, जबकि 95 वर्षीय बुजुर्ग महिला अलग कमरे में विश्राम कर रही थीं। आरोप है कि युवक उनके कमरे में घुस गया और उनके साथ दुष्कर्म किया।

आरोप है कि जब बुजुर्ग महिला ने विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उनका गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया। गला दबने से महिला बेहोश हो गई। इसी दौरान कुछ आवाज सुनकर परिवार के अन्य सदस्य जाग गए और कमरे की ओर पहुंचे। कमरे में पहुंचने पर परिजनों ने आरोपी को संदिग्ध परिस्थिति में देखा। घटना की जानकारी होते ही परिवार का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही मंगलौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। घायल बुजुर्ग महिला को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उनका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित कर जांच शुरू कर दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। मेडिकल रिपोर्ट, पीड़िता के बयान तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

95 वर्षीय बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस कथित घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों में भारी आक्रोश है और लोग आरोपी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। यह घटना एक बार फिर समाज में महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है।

Related Articles

Back to top button