भक्त की पुकार होते ही भगवान की कृपा बरसने लगती है: स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। श्रीगीता विज्ञान आश्रम के परमाध्यक्ष महामंडलेश्वर स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती महाराज ने कहा कि दीनानाथ के दरबार में दस्तक देने वाले सुख और समृद्धि से ओत्प्रोत हो जाते हैं और भगवान का सानिध्य प्राप्त करने में न तो देर है न ही अंधेर जो भी विलंब होता है भक्त की फरियाद में होता है। भक्त की पुकार होते ही भगवान की कृपा तो तुरंत ही बरसने लगती है। राजा गार्डन स्थित श्रीहनुमान मंदिर सत्संग भवन में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के दौरान स्वामी विज्ञानानंद सरस्वती ने सुदामा चरित्र प्रसंग सुनाते हुए कहा कि पत्नी गृहलक्ष्मी होती है। उसका सम्मान करने वाला सदैव संपन्न रहता है। पत्नी के आग्रह पर ही सुदामा भगवान के द्वार पर गए तो भगवान ने सुख संपदा से परिपूर्ण कर दिया। इसीलिए भागवत कथा को कलयुग में भवसागर से पार उतरने की वैतरिणी कहा जाता है। कथा व्यास ने संपूर्ण भागवत कथा के प्रमुख प्रसंगों का सार तथा गुरुओं की कथा सुनाकर भागवत प्रेमियों की मुक्ति का मार्ग प्रशस्त किया। कथा की पूर्णाहुति पर सभी श्रद्धालुओं और आयोजकों ने व्यास पीठ की आरती उतार कर विश्व कल्याण की कामना की।









