हरिद्वार

कनखल पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर ठग, मालिश के बहाने बुजुर्ग महिला-पुरुषों को बनता था निशाना

देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश समेत कई क्षेत्रों में दे चुका है वारदात को अंजाम

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। कनखल पुलिस ने मालिश के बहाने बुजुर्ग महिला-पुरुषों को झांसा देकर उनके कीमती सोने के आभूषण चोरी करने वाले एक शातिर ठग को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान हंश कुमार पुत्र कंवरभान निवासी ग्राम उल्हेड़ा, थाना मंगलौर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत का चोरी किया गया सोने का कड़ा बरामद किया है। आरोपी देहरादून, हरिद्वार, रुड़की और ऋषिकेश समेत कई क्षेत्रों में इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे चुका है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि घटना के शीघ्र खुलासे के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया था। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ-साथ डिजिटल साक्ष्यों का गहन विश्लेषण किया गया और लगातार अभियान चलाकर आरोपी की तलाश की गई। इसी क्रम में कनखल एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उल्हेड़ा गांव जाने वाले रास्ते से आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी का सोने का कड़ा बरामद किया।

पुलिस के अनुसार, 13 जुलाई को आर.के. मिशन रोड, कनखल निवासी नरेश अरोड़ा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक व्यक्ति ने खुद को मालिश करने वाला बताकर हाथ के दर्द का इलाज करने का झांसा दिया। मालिश के दौरान उसने उनके हाथ से सोने का कड़ा उतरवाया और बहते पानी से हाथ धोने के लिए भेज दिया। इसी बीच आरोपी कड़ा लेकर फरार हो गया। शिकायत के आधार पर कनखल कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अकेले रहने वाले बुजुर्ग महिला-पुरुषों को अपना निशाना बनाता था। वह मालिश और दर्द ठीक करने का झांसा देकर उनके हाथों से सोने के कंगन, कड़े, अंगूठी, चूड़ी और गले की चेन उतरवा लेता था तथा मौका मिलते ही फरार हो जाता था। आरोपी पूर्व में भी इसी तरह के कई मामलों में जेल जा चुका है और विभिन्न जनपदों में कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।

इस कार्रवाई में कनखल एसएचओ देवेंद्र सिंह रावत, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनुज सिंह, उपनिरीक्षक पुष्कर सिंह चौहान, हेड कांस्टेबल जितेंद्र शाह, कांस्टेबल उमेद सिंह तथा कांस्टेबल सतेन्द्र रावत की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई से शातिर ठग को गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा किया गया।

Related Articles

Back to top button