हरिद्वार में आबकारी विभाग का बड़ा प्रहार, ताबड़तोड़ छापेमारी में अवैध शराब का जखीरा बरामद

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(चिराग कुमार) हरिद्वार। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद बिंजोला के नेतृत्व में आबकारी विभाग की टीम ने शनिवार को व्यापक अभियान चलाते हुए विभिन्न क्षेत्रों में ताबड़तोड़ छापेमारी की। जानकारी के अनुसार आबकारी निरीक्षक दर्शन सिंह चौहान की गठित टीम द्वारा कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध देशी व अंग्रेजी शराब तथा बीयर बरामद की गई। एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
आबकारी विभाग की टीम ने ज्वालापुर में जोगिंदर नौरती के आवास पर दबिश दी। इसके अलावा ऋषिकुल चौराहे पर संजय और सोमपाल के ठिकानों की तलाशी ली गई। वहीं वेब बैरागी कैंप क्षेत्र से उपदेश नामक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया।
छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 324 टेट्रा पैक (लगभग आठ पेटी) माल्टा देशी शराब, 21 पव्वे अंग्रेजी शराब तथा 9 बीयर की बोतलें/केन बरामद कीं। बरामद शराब को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला आबकारी अधिकारी कैलाश चंद्र बिंजोला ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हरिद्वार जैसे बड़े और व्यस्त क्षेत्र में सीमित संसाधनों के बावजूद आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग का कहना है कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और अवैध शराब के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।









