हरिद्वार

कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं का आईजी एसटीएफ व डीआईजी ने लिया जायजा

सुरक्षा-यातायात व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश, चप्पे-चप्पे पैनी नजर

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान पुलिस मुख्यालय से आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे एवं डीआईजी लॉ एंड ऑर्डर धीरेंद्र सिंह गुंज्याल ने सोमवार को हरिद्वार पहुंचकर कांवड़ मेले की सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने एसएसपी हरिद्वार तथा अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ चंडी चौक, शंकराचार्य चौक, बैरागी कैंप पार्किंग, हरकी पैड़ी सहित विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का दौरा कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिवभक्तों को फल एवं फलाहार वितरित कर उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। इसके बाद मेला कंट्रोल रूम पहुंचकर सीसीटीवी कंट्रोल रूम से शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक की निगरानी व्यवस्था का निरीक्षण किया और सुरक्षा प्रबंधन की समीक्षा की।

इसके उपरांत मेला ड्यूटी में तैनात सुपर जोनल एवं जोनल पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर वर्तमान व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए विस्तृत रणनीति तैयार की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि यातायात संचालन पर विशेष ध्यान रखा जाए तथा छोटी-छोटी घटनाओं का भी तत्काल मौके पर पहुंचकर समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।

आईजी एसटीएफ निलेश आनंद भरणे ने कहा कि सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम 24 घंटे सक्रिय रहे और किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने वालों की तत्काल पहचान कर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस को किसी घटना की प्रतीक्षा करने के बजाय पहले से सतर्क रहकर प्रभावी कार्रवाई करनी होगी।

बैठक में बताया गया कि प्रत्येक जोन एवं सेक्टर में सक्षम पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है तथा पुलिस मुख्यालय स्तर से भी कांवड़ मेले की निरंतर निगरानी की जा रही है। आगामी दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश एसएसपी हरिद्वार एवं कांवड़ मेला नोडल अधिकारी को दिए गए।

बैठक के समापन पर उत्कृष्ट एवं सराहनीय ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों, अर्धसैनिक बल के जवानों तथा एसपीओ को “मैन ऑफ द डे” सम्मान से सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस शिवभक्तों की सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह सतर्क, प्रतिबद्ध और समर्पित है।

Related Articles

Back to top button