हरिद्वार

क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने में तेजी, डीएम मयूर दीक्षित ने किया स्थलीय निरीक्षण

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में क्षतिग्रस्त सड़कों को गड्ढामुक्त करने तथा नागरिकों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर तेजी से कराए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को सप्तसरोवर क्षेत्र में पुराना एआरटीओ से भारत माता मंदिर मार्ग तथा आयरिश पुल के पास धोबी घाट (बैरागी कैंप) मार्ग पर चल रहे टाइल्स निर्माण एवं सड़क मरम्मत कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा एवं भारी वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुए मार्गों की मरम्मत को प्राथमिकता के साथ कराया जा रहा है। प्रथम चरण में राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रमुख क्षतिग्रस्त मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप निर्धारित समयसीमा के भीतर जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाना है। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत एवं टाइल्स निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किए जाएं। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप सुनिश्चित किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत एवं टाइल्स निर्माण के साथ संबंधित क्षेत्रों में जल निकासी व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा रहा है। इससे बरसात के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी तथा आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन सुनिश्चित कराने तथा सभी कार्यों को त्वरित गति से समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जनपदवासियों को बेहतर एवं सुरक्षित सड़क सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। निरीक्षण के दौरान साइट इंजीनियर एनएचएआई रुड़की आकाश सिंह, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button