
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। अखिल भारतीय मुल्तान संगठन की ओर से आयोजित मुल्तान जोत महोत्सव में शामिल हुए श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी पर सवेरे मां गंगा के साथ दूध की होली खेली और दुग्धाभिषेक किया। इसके बाद शाम को मंत्रोच्चार के बीच गंगा में जोत प्रवाहित की गयी। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गयी। मुल्तान जोत संगठन के अध्यक्ष डा.महेंद्र नागपाल, दिल्ली भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सतपाल अरोड़ा, सुरेंद्र आहूजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और पिचकारियों के साथ हरकी पैड़ी पहुंचे ओर विधि विधान से पूजा अर्चना कर मां गंगा के साथ दूध की होली खेली। पूर्व मुख्यमंत्री डा.रमेश पोखरियाल निशंक भी कार्यक्रम में शामिल हुए और श्रद्धालुओं के साथ मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। दोपहर बाद खड़खड़ी स्थित चावला भवन से हरकी पैड़ी तक भव्य मुलतान जोत शोभायात्रा निकाली गयी। शोभायात्रा का मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। हरकी पैड़ी पहुंचकर श्रद्धालु भक्तों ने मुलतान जोत को गंगा मे प्रवाहित किया और सुख समृद्धि की प्रार्थना की। डा.महेंद्र नागपाल ने बताया कि यह परंपरा वर्ष 1911 में भक्त रूपचंद द्वारा पाकिस्तान के मुल्तान से हरिद्वार तक पैदल यात्रा कर पहली जोत प्रवाहित की थी। भक्त रूपचंद द्वारा शुरू की गयी परंपरा को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।









