रुड़की

सोलानी नदी पुल पर गड्ढे व कलियर मार्ग की बदहाली के खिलाफ महानगर कांग्रेस का धरना

इमरान देशभक्त रुड़की प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। सोलानी नदी के पुल तथा पुराने कलियर मार्ग पर सड़क की बदहाल स्थिति और जगह-जगह बने गहरे गड्ढों को लेकर रुड़की महानगर जिला कांग्रेस कमेटी ने धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोलानी नदी पुल के पास धरना देकर संबंधित विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई और मार्ग को जल्द से जल्द गड्ढामुक्त कराने की मांग की। जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट के नेतृत्व में आयोजित धरने में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि पुराने कलियर मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। सड़क पर बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों के साथ ही पैदल राहगीरों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भरे होने की स्थिति में दुर्घटना का खतरा बना रहता है।कांग्रेस नेताओं के मुताबिक, पिछले सप्ताह जिलाधिकारी हरिद्वार की ओर से सोलानी नदी के पुराने कलियर मार्ग पर गड्ढे भरने और सड़क की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए गए थे, किन्तु इसके बावजूद अब तक मौके पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। कांग्रेस ने प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की।धरने को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चौधरी राजेंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि प्रशासन के निर्देश के बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने कहा कि आम जनता की परेशानी को देखते हुए विभाग को महज आश्वासन देने के बजाय धरातल पर काम करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सोलानी नदी पुल और पुराने कलियर मार्ग के सभी गड्ढों को तत्काल भरा जाए और मार्ग की स्थायी मरम्मत कराई जाए।पूर्व मेयर गौरव गोयल ने भी सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह मार्ग लंबे समय से लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है।सड़क पर बने गड्ढों के कारण आए दिन हादसे का खतरा बना रहता है।उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने तथा लोगों को राहत देने की मांग की। कलियर विधायक हाजी फुरकान अहमद ने कहा कि सड़क की समस्या को लेकर पहले भी अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया और मार्ग को सुरक्षित नहीं बनाया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि जनता की समस्या को लेकर कांग्रेस सड़क से लेकर प्रशासन तक अपनी आवाज उठाती रहेगी। धरने के दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की कि सोलानी नदी पुल की मरम्मत, पुराने कलियर मार्ग के गड्ढों को भरने और सड़क की स्थायी स्थिति सुधारने के लिए तत्काल कार्ययोजना लागू की जाए, ताकि क्षेत्रवासियों और राहगीरों को राहत मिल सके। धरने-प्रदर्शन में महामंत्री संगठन मुनफैत अली, मदनपाल सिंह भडाना, रिजवान अहमद, संजय गुड्डू पूर्व पार्षद, पार्षद ताहिर चौधरी, अब्दुल समद, पूर्व पार्षद मोहसिन अल्वी, नीरज सैनी, पंडित वीरेंद्र कुमार शर्मा, सुनील शर्मा,सुभाष चंद्र सैनी, गौरव प्रधान, इसरार प्रधान, धर्मपाल जाटव,अजीम मलिक, उम्मेद गाजी, तुषार गोयल, अनूप शर्मा, जगपाल सिंह पुर्व जिला पंचायत सदस्य, योगेंद्र बीडीसी, नूर आलम राजा आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button