एडीबी द्वारा खुदाई से गणेशपुर में मकान धंसने के मुद्दे पर महानगर कांग्रेस का विरोध
भाजपा पार्षद से हुई तीखी नोकझोंक, नगर विधायक के खिलाफ लगे नारे

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(इमरान देशभक्त) रुड़की। गणेशपुर में सड़क धंसने और मकानों में आई दरारों के मामले को लेकर महानगर कांग्रेस के बैनर तले धरना-प्रदर्शन किया गया।इस दौरान भाजपा पार्षद कुलदीप तोमर और कांग्रेसी नेताओं में तीखी नोकझोंक हुई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। मामला बढ़ता देख भाजपा पार्षद मौके से खिसक लिए, जिसके बाद कांग्रेसी दरी बिछाकर धरने पर बैठ गए।गणेशपुर में पिछले दिनों सड़क धंसने के साथ कई मकानों में दरारें आने का मामला सामने आया था, जिसका नगर विधायक ने मौके का निरीक्षण भी किया था। इसके बाद नगर निगम की ओर से जेसीबी से एक मकान को ध्वस्त किया गया। क्षेत्र में इससे पहले भी कई मकानों में दरारें आने और उनके धराशायी होने के मामले सामने आ चुके हैं।कांग्रेसी नेताओं ने इन घटनाओं के पीछे वर्ष 2013-14 में डाली गई सीवरेज लाइन के कार्य में हुई कथित अनियमितताओं को जिम्मेदार बताया।धरने के दौरान भाजपा पार्षद कुलदीप तोमर और कांग्रेसी नेताओं के बीच जमकर बहस हुई।भाजपा पार्षद ने पूर्व मेयर गौरव गोयल पर आरोप लगाए, जिस पर गौरव गोयल ने अपने कार्यकाल के दौरान इस मामले को लेकर किए गए पत्राचार को सार्वजनिक करने की बात कही। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक के बाद पार्षद मौके से खिसकने में अपनी भलाई समझी।महानगर कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट राजेंद्र चौधरी ने कहा कि एडीबी की ओर से करीब पांच सौ करोड़ रुपये की लागत से नगर में सीवरेज लाइन डालने का कार्य किया गया था, किन्तु सुविधा के बजाय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।गणेशपुर में पिछले कई वर्षों से लगातार मकानों के धंसने के मामले सामने आ रहे हैं,इससे कई मकानों के धराशाई होने और लोगों की जान खतरा है।पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि उनके कार्यकाल में इस मामले को लेकर लगातार आवाज उठाई गई थी और संबंधित विभागों को कई पत्र भेजे गए थे।उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में शामिल लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई।कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में अंत तक लड़ाई लड़ेगी।उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के लिए जिम्मेदार लोगों के नाम सामने आने चाहिए।चेतावनी दी कि जल संस्थान कार्यालय में धरना दिया जाएगा। साथ ही संबंधित अधिकारियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर मुकद्दमा दर्ज कराने की मांग की जाएगी। धरने के दौरान मौके पर पहुंचे जल संस्थान के जेई जुनैद गौड़ को भी कांग्रेस नेताओं ने जमकर खरी-खोटी सुनाई। इस अवसर पर पूर्व पार्षद संजय चौधरी गुड्डू, मोहित त्यागी, गौरव त्यागी, उज्ज्वल शर्मा, मदनपाल भड़ाना, रिजवान अहमद, नीरज सैनी, उम्मेद गाजी, सन्नवर आदि प्रमुख रूप से धरने पर मौजूद रहे।









