हरिद्वार

चंद्रशेखर आजाद पर हमलावरों की गिरफ्तारी, उच्चस्तरीय जांच और जेड प्लस सुरक्षा देने की मांग

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद के काफिले पर हुए हमले के विरोध में कड़ा आक्रोश जताया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष अमरीश कपिल के नेतृत्व में राष्ट्रपति के नाम जिलाधिकारी द्वारा ज्ञापन सौंपकर मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि 13 सितंबर को चंद्रशेखर आजाद एक पीड़ित परिवार से मिलने जा रहे थे, इसी दौरान शाहबपुर टोल गेट पर उनके काफिले को रोककर कथित रूप से हमला किया गया। संगठन ने आरोप लगाया कि घटना में कई पदाधिकारी घायल हुए और वाहनों में तोड़फोड़ की सूचना भी मिली है। भीम आर्मी ने घटना को गंभीर बताते हुए कहा कि किसी निर्वाचित सांसद के काफिले को रोककर हमला किया जाना लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

आजाद समाज पार्टी से रानीपुर विधानसभा के भावी दावेदार हाजी तौफीक अहमद ने जताया आक्रोश

रानीपुर विधानसभा-26 के भावी दावेदार एवं आजाद समाज पार्टी से जुड़े हाजी तौफीक अहमद ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि चंद्रशेखर आजाद केवल एक राजनीतिक दल के नेता नहीं, बल्कि वंचित, शोषित और बहुजन समाज की आवाज हैं। उनके काफिले पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता है। हाजी तौफीक अहमद ने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन को घटना की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराकर हमले में शामिल सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने मांग की है कि चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा तत्काल बढ़ाकर जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

तीन प्रमुख सवालों का जवाब मांगा
ज्ञापन में संगठन ने सरकार और पुलिस प्रशासन से पूछा—
चंद्रशेखर आजाद के काफिले को शाहबपुर टोल पर क्यों रोका गया?
हमलावर कौन थे और उनकी तत्काल गिरफ्तारी क्यों नहीं हुई?
पुलिस की मौजूदगी में यह घटना कैसे घटित हुई?
संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो भीम आर्मी भारत एकता मिशन और आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता जनआंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
हाजी तौफीक अहमद ने कहा कि यह मामला केवल एक नेता की सुरक्षा का नहीं, बल्कि लोकतंत्र में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा का भी सवाल है। इस दौरान संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच, कथित हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई और सांसद चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग को प्रमुखता से उठाया है। इस अवसर पर अमरीश कपिल प्रदेश अध्यक्ष,आमिर जिला सचिव, किरण कर्णवाल जिला अध्यक्ष, हाजी तौफीक अहमद भावी उम्मीदवार रानीपुर विधानसभा, अर्जुन कुमार जिलाध्यक्ष भीम आर्मी एकता मिशन , मनीष कुमार, रविंद्र कुमार, डॉ. आमिर, किरण कर्णवाल, देवेंद्र, विशाल, रॉबिन, रोहित, निखिल, सन्नी, सावन, आयुष, मोनू, कड़वा सिंह और रिंकी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button