हरिद्वार

शादी के बाद नशीला पदार्थ खिलाकर लूटने वाली लुटेरी दुल्हन समेत पांच दबोचे

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। शादी के पवित्र बंधन को ठगी का जरिया बनाने वाले गिरोह का बहादराबाद पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने लुटेरी दुल्हन समेत पांच लोगों को हिरासत में लेकर 70 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, नशीला पाउडर और वारदात में इस्तेमाल बोलेरो गाड़ी बरामद की है। दौलतपुर गांव निवासी प्रवेश पुरी ने आज गुरुवार को ही पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनके भाई योगेश पुरी की शादी कुछ दिन पहले हुई थी। आरोप है कि नई दुल्हन ने पति के खाने में नशीला पदार्थ मिला दिया। योगेश के बेहोश होते ही वह घर में रखी नकदी और कीमती सामान समेटकर फरार हो गई। घटना की सूचना पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बहादराबाद थाना पुलिस को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। एसपी सिटी और सीओ ज्वालापुर के पर्यवेक्षण में बहादराबाद पुलिस ने छानबीन शुरू की और मुखबिर की सूचना पर महिला समेत पांच आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए गए लोगों में 21 वर्षीय मुख्य आरोपी महिला निवासी मिर्जापुर, उत्तर प्रदेश, अब्दुल बारी निवासी मिर्जापुर, एक महिला और पुनीत कुमार निवासी शामली, उत्तर प्रदेश और फतेह सिंह मीना निवासी भरतपुर, राजस्थान शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया है कि यह संगठित गिरोह है जो शादी के नाम पर लोगों को ठगता है। पुलिस अब यह भी खंगाल रही है कि इस गिरोह ने हरिद्वार या अन्य जिलों में इसी तरह कितनी वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल और बरामद सामान के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। बहादराबाद थानाध्यक्ष ने अमरजीत सिंह ने आमजन से भी अपील की है कि विवाह तय करने से पहले लड़की, उसके परिवार और बिचौलिए की पूरी पृष्ठभूमि, आधार कार्ड, स्थायी पता और सामाजिक सत्यापन जरूर कर लें। बिना जांच-पड़ताल के जल्दबाजी में शादी न करें। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button