हरिद्वार में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित, 17 रिक्त पदों पर होगा चुनाव
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड, देहरादून की अधिसूचना के क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने हरिद्वार जनपद में त्रिस्तरीय पंचायत उप निर्वाचन-2026 के लिए रिक्त पदों पर निर्वाचन कार्यक्रम जारी कर दिया है। जनपद में कुल 17 रिक्त पदों पर उप निर्वाचन कराया जाएगा। इनमें 14 सदस्य ग्राम पंचायत तथा 3 ग्राम प्रधान के पद शामिल हैं यह पद मृत्यु, त्यागपत्र, नामांकन न होने, न्यायालय के आदेश सहित विभिन्न कारणों से रिक्त हुए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया उत्तराखंड पंचायती राज अधिनियम, 2016 (यथासंशोधित) तथा संबंधित निर्वाचन नियमावली के प्रावधानों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर 2026 को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र दाखिल किए जाएंगे। 3 अक्टूबर को नाम निर्देशन पत्रों की जांच होगी, जबकि 4 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया चलेगी। 5 अक्टूबर को चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद 12 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। 14 अक्टूबर 2026 को प्रातः 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इन विकासखंडों में रिक्त पदों पर होगा उप निर्वाचन
बहादराबाद: सदस्य ग्राम पंचायत के 2 पद
रुड़की: सदस्य ग्राम पंचायत का 1 पद
भगवानपुर: सदस्य ग्राम पंचायत के 5 तथा ग्राम प्रधान का 1 पद
नारसन: सदस्य ग्राम पंचायत के 3 पद
लक्सर: सदस्य ग्राम पंचायत के 3 तथा ग्राम प्रधान के 2 पद
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित उप जिला निर्वाचन अधिकारियों, रिटर्निंग अधिकारियों एवं विकासखंड अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सभी आवश्यक निर्वाचन व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा है। इस उप निर्वाचन के माध्यम से रिक्त पंचायत पदों पर नई प्रतिनिधिक व्यवस्था गठित होगी और संबंधित ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया पूरी की जाएगी।









