30 सितंबर को हरिद्वार में लगेगा एक दिवसीय रोजगार मेला, युवाओं को मिलेगा निजी कंपनियों में नौकरी का अवसर
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार की ओर से युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 30 सितंबर 2026 (बुधवार) को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय, हरिद्वार परिसर में प्रातः 10:30 बजे से शुरू होगा। रोजगार मेले में विभिन्न प्रतिष्ठित निजी कंपनियां एवं औद्योगिक प्रतिष्ठान प्रतिभाग करेंगे। कंपनियों द्वारा अलग-अलग पदों के लिए योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। रोजगार मेले में सिस्कोल, हरिद्वार, एपेक्स कंप्यूटर प्राइवेट लिमिटेड, ग्रेट बॉन्ड ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड, एसको लॉजिस्टिक्स, युवाशक्ति फाउंडेशन, सहयोग प्राइवेट क्रेडिट कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड, करन एचआर, एसआईएस सिक्योरिटी सर्विसेज तथा पुखराज हेल्थकेयर सहित विभिन्न प्रतिष्ठान शामिल होंगे। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी मुकेश प्रसाद रयाल ने बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक एवं आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थियों की आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उनका उत्तराखंड राज्य का स्थायी निवासी होना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अपने समस्त शैक्षिक एवं प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र, सेवायोजन पंजीकरण प्रमाण-पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर 30 सितंबर को निर्धारित समय पर जिला सेवायोजन कार्यालय पहुंचें। जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से स्पष्ट किया गया है कि रोजगार मेले में प्रतिभाग करने वाले अभ्यर्थियों को किसी प्रकार का यात्रा भत्ता देय नहीं होगा। प्रभारी जिला सेवायोजन अधिकारी ने उत्तराखंड के अधिक से अधिक पात्र युवाओं से रोजगार मेले में प्रतिभाग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि ऐसे रोजगार मेले युवाओं को निजी क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार के अवसरों से सीधे जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पात्र अभ्यर्थी अपने दस्तावेजों के साथ समय पर पहुंचकर उपलब्ध अवसरों का लाभ उठा सकते हैं।









