रुड़की

हारी जिंदगी: छुट्टी से लौटते ही ड्यूटी पर शहीद हुआ PAC जवान, अमृत लॉ कॉलेज में भवन का हिस्सा गिरने से मलबे में दबा जवान

जावेद अंसारी उत्तराखंड प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) पिरान कलियर/धनौरी। अमृत लॉ कॉलेज धनौरी में सोमवार को हुए दर्दनाक हादसे में मलबे में दबे करीब 35 वर्षीय पीएसी जवान मौहम्मद आदिल की मौत हो गई। जवान की मौत की खबर सामने आते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। सबसे मार्मिक बात यह है कि जवान छुट्टी पूरी कर इसी दिन ड्यूटी पर वापस लौटा था, लेकिन ड्यूटी संभालने के कुछ ही समय बाद वह हादसे का शिकार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, अमृत लॉ कॉलेज परिसर में पीएसी की एक प्लाटून ठहरी हुई थी। इसी दौरान बाथरूम की ओर बनी बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे की चपेट में आने से पीएसी जवान मौहम्मद आदिल निवासी नैटोर, नजीबाबाद, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी टिहरी मलबे में दब गए।

हादसे की सूचना मिलते ही कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर कलियर कोतवाली प्रभारी कमल मोहन भंडारी और धनौरी चौकी प्रभारी मुनव्वर हसन पुलिस फोर्स के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद जवान को मलबे से बाहर निकाला।

रेस्क्यू के बाद जवान को तत्काल उपचार के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ऋषिकेश स्थित हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।

बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल जवान ने ऋषिकेश पहुंचते ही दम तोड़ दिया। जवान की मौत की खबर मिलते ही पुलिस और पीएसी महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। साथी पुलिसकर्मी इस घटना से बेहद गमगीन हैं। ड्यूटी पर लौटने के कुछ ही समय बाद जवान की इस तरह दर्दनाक मौत ने सभी को झकझोर कर रख दिया।

फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और भवन का हिस्सा अचानक क्यों भरभराकर गिरा, यह जांच का विषय है। पुलिस और संबंधित अधिकारियों की ओर से घटना की जानकारी जुटाई जा रही है। भवन की स्थिति और हादसे के कारणों की जांच के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button