नो-एंट्री में घुसे भारी वाहनों पर रानीपुर पुलिस का शिकंजा, 15 भारी वाहनों पर कार्रवाई
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। नो-एंट्री के बावजूद भीड़भाड़ वाले इलाकों में प्रवेश करने वाले भारी वाहनों के खिलाफ पुलिस ने सख्ती शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली रानीपुर पुलिस ने शिवालिक नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया है। चेकिंग के दौरान पुलिस ने सिडकुल की ओर से शिवालिक नगर की तरफ नो-एंट्री में प्रवेश कर रहे 15 भारी वाहनों (ट्रकों) को पकड़ा है। पुलिस ने सभी वाहनों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। इनमें 14 ट्रक चालकों के कुल 7 हजार रुपये के नगद चालान किए गए है, जबकि एक ट्रक चालक का कोर्ट चालान किया गया। पुलिस की कार्रवाई से नो-एंट्री का उल्लंघन कर भारी वाहनों को भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लाने वाले वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के मद्देनजर नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले भारी वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं इस बाबत पर रानीपुर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भारी वाहनों के अनधिकृत प्रवेश से यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर आगे भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, हेड कांस्टेबल गोपीचंद, कांस्टेबल वीर सिंह एवं कांस्टेबल अर्जुन रावत शामिल रहे।









