हरिद्वार

मौसम का विकराल रूप, आसमान से गिरे ओले: बारिश और तूफान से मची अफरा-तफरी

काले घने बादलों ने दिन में किया अंधेरा, करीब 250 ग्राम तक के गिरे ओले, दहशत में आए लोग

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। मौसम ने अचानक ऐसा विकराल रूप धारण किया कि देखते ही देखते आसमान में काले घने बादल छा गए और दिन में ही अंधेरा छा गया। अंधेरे के साथ तेज तूफान ने दस्तक दी, जिसके बाद जबरदस्त बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान आसमान से ओले गिरने लगे। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ ओलों का वजन करीब 250 ग्राम तक होने का दावा किया गया है, जिससे क्षेत्र में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल भी बना रहा। अचानक बदले मौसम ने लोगों को संभलने का मौका तक नहीं दिया। तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि के चलते लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। आसमान से गिरते बड़े-बड़े ओलों को देखकर लोगों की धड़कनें बढ़ गई। क्षेत्र में मौसम के इस अप्रत्याशित और खतरनाक रूप ने हर किसी को हैरान कर दिया है। अचानक आए इस मौसमी बदलाव ने एक बार फिर प्राकृतिक आपदाओं के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को उजागर किया है। ओलावृष्टि से फसलों, वाहनों, मकानों की छतों और अन्य संपत्तियों को नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी है। प्रशासन की अपील: मौसम खराब होने की स्थिति में लोग खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहें तथा सुरक्षित पक्के भवनों में शरण लें। ओलावृष्टि, तेज कड़कड़ाती आसमानी बिजली और तूफान के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर निकलने से बचें।

Related Articles

Back to top button