असम के सीएम ने हरिद्वार में किया पितृ तर्पण, विपक्ष पर बोला तीखा हमला
नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर धर्मनगरी हरिद्वार पहुंचे असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व सरमा ने नारायण शिला मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर पितृ तर्पण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह हर साल पितृ अमावस्या के अवसर पर यहां आते हैं और इस बार भी उन्हें इसका सौभाग्य प्राप्त हुआ है।हरिद्वार दौरे के दौरान सीएम हिमंत विश्व सरमा ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। दिल्ली में चल रहे राजनीतिक घटनाक्रम और विरोध प्रदर्शनों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि दिल्ली आए लोगों से सौ गुना ज्यादा जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ खड़ी है। उन्होंने असम और पश्चिम बंगाल के उपचुनावों में पार्टी की जीत का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार को ब्लैकमेल करने की कोशिश करने वाले लोग कभी कामयाब नहीं होंगे। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को ‘कॉकरोच’ कहते हैं, उनकी बात करने से कोई फायदा नहीं है, बल्कि देश की युवा शक्ति की बात होनी चाहिए। 140 करोड़ की आबादी वाले देश में चंद लोगों के जुटने पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब विपक्ष निराश होता है और उनके पास कोई विकल्प नहीं बचता, तब वह इस तरह के तमाशे करता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विपक्ष की मुलाकात के सवाल पर असम के सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि राष्ट्रपति से कोई भी मिल सकता है, राहुल गांधी चाहें तो मंगलयान में आ जाएं तब उनसे पूछना। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट में रोजाना हजारों लोग जाते हैं और राष्ट्रपति से भी रोजाना सैकड़ों लोग मिलते हैं।









