पत्नी के नाराज होने पर युवक मोबाइल टावर पर चढ़ा, एम-क्लस्टर क्षेत्र में मचा हड़कंप
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कोतवाली रानीपुर क्षेत्र के शिवालिक नगर स्थित एम-क्लस्टर में उस समय हड़कंप मच गया, जब पत्नी के नाराज होकर चले जाने से परेशान एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही रानीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए। पुलिस ने युवक को काफी देर तक समझाने-बुझाने का प्रयास किया। वहीं, एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस टीम युवक को सकुशल नीचे उतारने में कामयाब रही। पूछताछ में युवक की पहचान विशाल (25 वर्ष), पुत्र रामेश्वर, निवासी ग्राम चकधीर, थाना बेरिया, जनपद बलिया, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। युवक ने बताया कि उसकी पत्नी नाराज होकर चली गई थी, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया है। पुलिस ने युवक द्वारा अपनी जान जोखिम में डालने और शांति व्यवस्था प्रभावित करने के मामले में उसके विरुद्ध धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की तथा भविष्य में ऐसा कदम न उठाने की भी हिदायत दी। पुलिस टीम में अ0उ0नि0 सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल अर्जुन सिंह और कांस्टेबल वीर सिंह मौजूद रहे।









