बीएचईएल स्थित सुरेश्वरी मंदिर मार्ग के पास झाड़ियों में छिपे थे आरोपी, हथौड़ा, छेनी, सरिया और प्लास बरामद
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। पुलिस का ऑपरेशन प्रहार के तहत संदिग्धों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली रानीपुर पुलिस ने 12 अक्टूबर की रात बीएचईएल स्थित सुरेश्वरी मंदिर मार्ग के पास झाड़ियों में छिपकर चोरी की योजना बना रहे तीन युवकों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि सुरेश्वरी मंदिर मार्ग के पास तीन संदिग्ध युवक झाड़ियों में छिपे हुए हैं और चोरी की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर तीनों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गोविंदा और अभिषेक कुमार, निवासी टिबड़ी, हरिद्वार तथा टिंकू कुमार, निवासी शेखपुर लाला, जिला बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक लोहे का हथौड़ा, सरिया का टुकड़ा, लोहे की छेनी और एक प्लास बरामद हुआ। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने नशे की लत और पैसों की कमी के चलते बीएचईएल एवं शिवालिक नगर क्षेत्र में चोरी करने के इरादे से आने की बात बताई। इस मामले में पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 354/26, धारा 313 बीएनएस के तहत अभियोग दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी गोविंदा के विरुद्ध रानीपुर और ज्वालापुर थानों में चोरी, सेंधमारी और शस्त्र अधिनियम से संबंधित पूर्व मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, अभिषेक कुमार के विरुद्ध भी हरिद्वार नगर कोतवाली में शस्त्र अधिनियम और अन्य धाराओं में पूर्व मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी, उपनिरीक्षक देवेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल अमित चौधरी तथा कांस्टेबल दिग्पाल राणा, अमित राणा और वीरेंद्र जोशी मौजूद रहे।









