
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(गगन शर्मा) हरिद्वार। इको पर्यावरण लेबोरेटरीज एंड कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड ने चंडीगढ़ के होटल माउंट व्यू में आयोजित विश्व मानक दिवस समारोह में भाग लिया।
विश्व मानक दिवस 2026 की बेहतर विश्व के लिए साझा दृष्टिकोण: सतत विकास लक्ष्य 7–सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा पर विशेष ध्यान थीम थी। इस अवसर पर परीक्षण अवसंरचना एवं प्रयोगशाला क्षमताओं को सुदृढ़ बनाना विषय पर एक संगोष्ठी आयोजित की गई। इसका उद्देश्य प्रयोगशाला संचालन में सुदृढ़ परीक्षण अवसंरचना, तकनीकी दक्षता तथा गुणवत्ता आश्वासन के महत्त्व को रेखांकित करना था। डॉ. रूपक कुमार (वरिष्ठ उपाध्यक्ष)–प्रयोगशाला प्रभाग ने इको पर्यावरण लेबोरेटरीज एंड कंसल्टेंट्स प्राइवेट लिमिटेड का प्रतिनिधित्व किया तथा उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने परीक्षण प्रयोगशालाओं में उच्च परिशुद्धता वाले परीक्षण परिणाम प्राप्त करने के लिए रणनीतिक योजना निर्माण एवं उसके प्रभावी क्रियान्वयन की महत्त्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से आई.एस.ओ/आई.ई.सी 17025:2017 मानक के अनुरूप प्रयोगशाला की तकनीकी दक्षता, गुणवत्ता प्रबंधन, उपकरणों की उपयुक्तता, परीक्षण विधियों के सत्यापन एवं प्रमाणीकरण तथा निरंतर सुधार के महत्त्व को रेखांकित किया।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सटीक, विश्वसनीय एवं पुनरुत्पादनीय परीक्षण परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रयोगशाला में सुव्यवस्थित योजना, प्रभावी कार्यान्वयन, सक्षम मानव संसाधन तथा गुणवत्ता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता आवश्यक है।









