रुड़की: संगीता बिजलानी के शोरूम उद्घाटन में उमड़ी भीड़, दिनभर लगा जाम
रवि सक्सेना रुड़की संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि सक्सेना) रुड़की। शनिवार को बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी की मौजूदगी में शोरूम का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, शहर में चर्चा है कि सड़क किनारे मंच सजाए जाने के कारण बीएसएम कॉलेज से रामनगर तक दिनभर यातायात प्रभावित रहा और शहरवासियों को जाम की परेशानी का सामना करना पड़ा। रुड़की शहर के आजादनगर क्षेत्र में डीडी ज्वेलर्स की ओर से शोरूम उद्घाटन का आयोजन किया गया था। इस कार्यक्रम को खास बनाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री संगीता बिजलानी को आमंत्रित किया गया था। अभिनेत्री के आगमन से कार्यक्रम में रौनक बढ़ी और बड़ी संख्या में लोग उनकी एक झलक पाने के लिए उमड़ पड़े। हालांकि इस आयोजन को लेकर नियमों की अनदेखी के आरोप भी लगे हैं। वहीं शहर में चर्चा है कि कार्यक्रम के लिए प्रशासन से आवश्यक अनुमति नहीं ली गई थी और शोरूम के बाहर सड़क किनारे मंच सजाकर आयोजन किया गया। इसके चलते शहर के प्रमुख मार्गों पर दिनभर भारी भीड़ और वाहनों का दबाव बना रहा, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हुआ। बीएसएम कॉलेज से लेकर रामनगर तक यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा और लोगों को जाम में फंसकर काफी परेशानी उठानी पड़ी। उद्घाटन समारोह में अभिनेत्री संगीता बिजलानी ने शोरूम का फीता काटकर उद्घाटन किया और मौजूद लोगों का अभिवादन किया। डीडी ज्वेलर्स की ओर से आयोजित यह कार्यक्रम अपनी चमक-धमक के लिए तो चर्चा में रहा, लेकिन सड़क किनारे बिना अनुमति मंच लगाए जाने और उससे उपजे जाम ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।









