पुलिस मुठभेड़ में गौकशी का फरार आरोपी गोली लगने से घायल, गिरफ्तार
आम के बाग में बछड़े को बांधकर कर रहा था गौकशी की तैयारी: खुलासा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। गौकशी और गोतस्करी के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में भगवानपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गौकशी के मामले में फरार एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। बता दे 10 नवंबर को कोतवाली भगवानपुर पुलिस को सूचना मिली थी कि गौकशी के मामले में फरार छोटू निवासी हलजोरा, आईटीआई तिराहे से मसाई जाने वाले मार्ग पर स्थित आम के बाग में गौकशी की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक रितेश साह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बाग में कांबिंग शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति पेड़ से बछड़े को बांधकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखते ही आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन आरोपी ने दोबारा गोली चला दी। इसके बाद पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। कुछ देर बाद आरोपी ने आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। मौके से पुलिस ने एक देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जीवित बछड़ा बरामद किया।इसके अलावा गौकशी में इस्तेमाल होने वाली लोहे की कुल्हाड़ी, दो छुरी, लकड़ी का गुटका, मांस पैकिंग में इस्तेमाल होने वाली प्लास्टिक की पन्नियां और दो प्लास्टिक के कट्टे भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग व उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने पहुंचकर साक्ष्य भी जुटाए। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ थाना बुग्गावाला में 2025 और कोतवाली भगवानपुर में 2026 में मुकदमे दर्ज हैं। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक रितेश साह, एसआई सुनील पंत, आशीष नेगी, अपर एसआई प्रदीप चौहान सहित हेड कांस्टेबल ललित यादव, विनोद, सुधीर तथा कांस्टेबल उबैद उल्ला, अमित और अजय जोशी शामिल रहे।









