मुख्यमंत्री धामी ने 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को सौंपे नियुक्ति पत्र, 13 बेटियों ने भी हासिल की सफलता
जावेद अंसारी उत्तराखंड प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(जावेद अंसारी) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में 36 नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। नियुक्ति पाने वाले 36 अभ्यर्थियों में 13 बेटियों के शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई और इसे प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सफलता के पीछे अभ्यर्थियों की मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ-साथ उनके माता-पिता एवं गुरुजनों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि नियुक्ति पत्र प्राप्त करने के साथ ही सभी अधिकारियों के कंधों पर जनसेवा की बड़ी जिम्मेदारी आ गई है। अधिकारियों का कार्य ऐसा होना चाहिए, जिससे आमजन को समय पर राहत मिले और सरकारी व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत हो।
मुख्यमंत्री ने नायब तहसीलदारों को राजस्व प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि उनके कार्यों का सीधा संबंध लोगों की भूमि, आजीविका और अधिकारों से जुड़ा होता है। नामांतरण, पैमाइश, सीमांकन और राजस्व अभिलेखों से संबंधित मामलों का निस्तारण पूरी सावधानी, संवेदनशीलता और निर्धारित समयसीमा के भीतर किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए उनकी जमीन केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार की आजीविका और बच्चों के भविष्य का आधार होती है। इसलिए प्रत्येक मामले में संबंधित परिवार की परिस्थितियों को समझते हुए न्यायपूर्ण निर्णय लिया जाए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसीलों में आने वाले लोगों की समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनें और आवश्यक दस्तावेजों व प्रक्रियाओं की स्पष्ट जानकारी दें, ताकि नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले बुजुर्गों एवं दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने की भी अपेक्षा जताई।
आपदा के दौरान राजस्व अधिकारियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा से प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का सही और समयबद्ध आकलन सुनिश्चित किया जाना चाहिए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार राहत समय पर मिल सके।
मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के प्रति प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का उल्लेख करते हुए कहा कि अधिकारी किसी भी दबाव, सिफारिश या प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना नियमों, कानून और तथ्यों के आधार पर निर्णय लें। उन्होंने कहा कि बिना किसी सिफारिश के आने वाले व्यक्ति के जायज कार्य को भी पूरी तत्परता से करना ही निष्पक्ष प्रशासन की पहचान है।
उन्होंने प्रदेश सरकार के मूल मंत्र ‘सरलीकरण, समाधान, निस्तारण और संतुष्टिकरण’ को अधिकारियों की कार्यशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सरल बनाया जाए और नागरिकों को उनके आवेदनों की स्थिति के बारे में स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि पारदर्शिता के साथ लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके।
भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की मेहनत और भविष्य की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। पिछले पांच वर्षों में प्रदेश में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। उन्होंने कहा कि हर नियुक्ति के पीछे एक युवा की वर्षों की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें होती हैं। ऐसे में सभी अधिकारी अपने पद की गरिमा बनाए रखते हुए जनता के प्रति संवेदनशील रहें और हर निर्णय ईमानदारी, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ लें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों की वास्तविक पहचान उनके पद से नहीं, बल्कि जनता के विश्वास से बनेगी। आमजन कितने भरोसे के साथ अपनी समस्याएं लेकर उनके पास पहुंचते हैं और उन्हें कितनी सहजता से समाधान मिलता है, यही प्रशासनिक कार्यशैली की कसौटी होगी।
इस अवसर पर मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने नवनियुक्त नायब तहसीलदारों को बधाई देते हुए कहा कि सरकारी सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण माध्यम है। राजस्व प्रशासन के जरिए आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने की सोच के साथ कार्य करना आवश्यक है। उन्होंने विशेष रूप से उन लोगों के प्रति अधिकारियों की जिम्मेदारी पर जोर दिया, जिनकी पहुंच केवल तहसील स्तर तक होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त अधिकारी जनसेवा के अपने उद्देश्य में सफल होंगे। कार्यक्रम में सचिव राजस्व एस.एन पाण्डेय, सचिव एवं आयुक्त राजस्व परिषद रंजना राजगुरु सहित राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।









