12 किलो गोमांस के साथ एक गिरफ्तार, दो अन्य नामजद
भारापुर के जंगल में गोवंश काटकर बेचने ले जा रहा था मांस, बहादराबाद पुलिस ने दबोचा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 12 किलो गोमांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जबकि उसके दो साथियों को भी नामजद किया गया है। बता दे बीते दिन मंगलवार को शांतरशाह चौकी प्रभारी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ सहदेवपुर हलवाहेड़ी तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे बाइक सवार मुबारिक निवासी मुस्तफाबाद को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके कट्टे से दो प्लास्टिक की थैलियों में करीब 12 किलो मांस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने साथी इमरान और छोटन निवासी भारापुर के साथ जंगल में गाय काटकर मांस निकाला था और उसे बेचने के लिए ले जा रहा था। पुलिस ने तीनों के खिलाफ गोवंश संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।गिरफ्तार आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार दोनों नामजद आरोपियों की तलाश जारी है।









