हरिद्वार

पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनने को एसएसपी ने लगाया सैनिक सम्मेलन

34 पुलिसकर्मी सम्मानित, 30 पुलिस जवानों को मिला पुलिस मैन ऑफ द मंथ का सम्मान

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। पुलिसकर्मियों की विभागीय और पारिवारिक समस्याओं के समाधान के लिए एसएसपी नवनीत सिंह ने आज शुक्रवार को पुलिस मुख्यालय में सैनिक सम्मेलन आयोजित किया। सम्मेलन में जिले के सभी थानों, शाखाओं और कार्यालयों में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हुए। एसएसपी ने एक एक कर पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनीं और अपने स्तर की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। साथ ही शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। सम्मेलन के दौरान एसएसपी नवनीत सिंह ने पुलिसकर्मियों को खुलकर अपनी विभागीय और पारिवारिक समस्याएं रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जायज समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी पूरी निष्ठा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए जनता की सेवा कर रहे हैं, ऐसे में उनकी समस्याओं का समाधान करना भी प्राथमिकता है।सैनिक सम्मेलन के समापन पर एसएसपी ने अक्टूबर माह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 30 पुलिस जवानों को ‘पुलिस मैन ऑफ द मंथ’ और तीन महिला पुलिसकर्मियों तथा एक महिला होमगार्ड को ‘वुमेन ऑफ द मंथ’ के सम्मान से नवाजा। सम्मानित कर्मियों ने अपनी कार्यक्षमता और कर्तव्यनिष्ठा से विभिन्न जटिल अपराधों के अनावरण तथा जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। एसएसपी ने प्रशस्ति पत्र देकर उनकी पीठ थपथपाई और भविष्य में भी इसी तरह समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया। पुलिस मैन ऑफ द मंथ में एएचटीयू से नंद किशोर, खेम सिंह और अजय राज, कनखल से जितेंद्र शाह, ज्वालापुर से जितेंद्र सिंह, रानीपुर से अशोक सिरसवाल और कुंवर राणा, सिडकुल से देवेंद्र सिंह, रुड़की से पुष्पेंद्र सिंह, गंगनहर से रघुवीर तोमर, झबरेड़ा से नीरज रावत और रामवीर, भगवानपुर से गोपाल दत्त भट्ट और उबैद उल्ला, बुग्गावाला से अरविंद भट्ट, खानपुर से योगेंद्र और महावीर सिंह, पथरी से मोहन सिंह कठैत और जयपाल चौहान, कलियर से रामअवतार और नीरज राणा, सीआईयू रुड़की से अश्वनी यादव, पुलिस दूरसंचार से हरीश, फायर स्टेशन मायापुर से यशपाल सिंह, एएनटीएफ से रियाज, गौवंश संरक्षण स्क्वॉड से सुनील सैनी, पुलिस लाइन से राम सजोन, 40वीं वाहिनी पीएसी से प्रवीण भारती और यातायात पुलिस से देवेंद्र सिंह को सम्मानित किया गया। वहीं महिला वर्ग में कोतवाली नगर से शोभा, श्यामपुर से माधुरी त्रिपाठी और बहादराबाद से महिला होमगार्ड करुणा शर्मा को सम्मानित किया गया। एसएसपी ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों को अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

Related Articles

Back to top button