
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि सक्सेना) रुड़की। रुड़की गढ़वाल सभा (रजि) द्वारा सुभाष नगर, पनियाला रोड स्थित सभा प्रांगण में आयोजित वार्षिक ‘श्री राम चरित्र मंचन’ के तृतीय दिवस का मंचन शुक्रवार को भव्यता, उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुआ। राक्षसों के संहार से लेकर पुष्पवाटिका में श्रीराम-जानकी के प्रथम दर्शन तक के प्रसंगों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सौरव भूषण शर्मा, प्रदेश संयोजक व्यवसायिक प्रकोष्ठ एवं प्रबंध निदेशक, विसंबर सहाय विश्वविद्यालय, रुड़की ने दीप प्रज्वलन कर किया। इस अवसर पर सभा ने पूर्व अध्यक्ष राजेन्द्र बिष्ट, पूर्व सचिव टी.आर शर्मा एवं व्यापार मंडल, रुड़की के पदाधिकारियों को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। मंच पर कलाकारों ने राक्षसों का आतंक, दशरथ दरबार, महर्षि विश्वामित्र का यज्ञ हेतु राम-लक्ष्मण को ले जाना, ताड़का एवं सुबाहु वध, जनक दूत का निमंत्रण, अहिल्या उद्धार तथा पुष्पवाटिका मिलन की भावपूर्ण प्रस्तुति दी। अहिल्या उद्धार और पुष्पवाटिका के दृश्य पर श्रद्धालुओं ने खूब तालियां बजाईं। चतुर्थ दिवस, शनिवार 28 नवम्बर को रात्रि 8 बजे से सीता स्वयंवर एवं भव्य धनुष यज्ञ, परशुराम-लक्ष्मण संवाद, जनक दरबार एवं सीता विदाई का मंचन होगा। अध्यक्ष चन्द्रमोहन जोशी, सचिव राकेश चौहान, संयोजक कमला बमोला सहित सभी पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से सपरिवार पधारकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।









