लक्सर में 25 अगस्त को लगेगा विशाल रोजगार मेला: पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र के बेरोजगार व रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए बड़ी सौगात के रूप में आगामी 25 अगस्त मंगलवार को लक्सर के रायसी में स्थिति JSS नर्सिंग व पैरामेडिकल कॉलेज, में विशाल रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। स्वराज फाउंडेशन व लक्सर विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस रोजगार मेले में विभिन्न कंपनियों व उद्योगों के माध्यम से 1200 से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। रोजगार मेले में 10वीं, 12वीं, स्नातक, डिप्लोमा और बी.टेक सहित विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे। स्थानीय के साथ-साथ बाहरी कंपनियों एवं विभिन्न औद्योगिक संस्थानों की भागीदारी से युवाओं को अपनी योग्यता व कौशल के अनुरूप रोजगार पाने और कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
लक्सर विकास समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने क्षेत्र के युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि लक्सर क्षेत्र में प्रतिभा और योग्यता की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल युवाओं को सही अवसर और बेहतर मंच उपलब्ध कराने की है। इसी उद्देश्य से रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि रोजगार केवल एक व्यक्ति की आर्थिक स्थिति नहीं बदलता, बल्कि उससे पूरे परिवार को मजबूती मिलती है और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। उनका प्रयास है कि लक्सर क्षेत्र के युवाओं को अपने क्षेत्र में अथवा बेहतर संस्थानों में रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध हों, ताकि क्षेत्र आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बन सके।
रविंद्र सिंह आनंद ने क्षेत्र के युवाओं, अभिभावकों, जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों से अपील की कि रोजगार मेले की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद युवाओं तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि इस सूचना को व्हाट्सऐप, फेसबुक व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अधिक से अधिक साझा किया जाए, ताकि कोई भी योग्य युवा रोजगार के इस महत्वपूर्ण अवसर से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि यह रोजगार मेला युवाओं के लिए केवल नौकरी पाने का अवसर नहीं, बल्कि अपने करियर को नई दिशा देने और भविष्य को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण मंच है। उन्होंने सभी योग्य और इच्छुक युवाओं से आह्वान किया कि वे 25 अगस्त को JSS नर्सिंग एवं पैरामेडिकल कॉलेज, रायसी पहुंचकर रोजगार मेले का लाभ अवश्य उठाएं। इस अवसर पर स्वराज फाउंडेशन के अनिल पाराशर भी उपस्थित रहे।









