हरिद्वार

ईद ए मिलाद उल नबी को लेकर हरिद्वार में प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों में मजिस्ट्रेट तैनात

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। ईद ए मिलाद उल नबी बारावफात के मद्देनजर हरिद्वार जिला प्रशासन ने कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीएम मयूर दीक्षित ने जिले के विभिन्न संवेदनशील व प्रमुख क्षेत्रों में मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं। अधिकारियों को पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पर्व के दौरान साम्प्रदायिक सौहार्द और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं ईद ए मिलाद उल नबी आगामी 26 अगस्त को चंद्र दर्शन के अनुसार मनाया जाएगा। पर्व के दौरान विशेष नमाज, धार्मिक कार्यक्रम, रोशनी, आतिशबाजी, जुलूस एवं जलसे आयोजित किए जाते हैं। इन्हीं आयोजनों को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व कानून व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं डीएम ने नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार और सभी उप जिलाधिकारियों को पुलिस अधिकारियों के साथ समन्वय कर गृह मंत्रालय और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा है। पर्व से पूर्व संबंधित धार्मिक पक्षों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने के भी निर्देश दिए गए हैं।
*इन क्षेत्रों में तैनात रहेंगे मजिस्ट्रेट*

नगर मजिस्ट्रेट हरिद्वार को नगर हरिद्वार क्षेत्र, विशेष रूप से ज्वालापुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संयुक्त मजिस्ट्रेट रुड़की को रुड़की व लंढौरा क्षेत्र, तहसीलदार रुड़की को मंगलौर, उप जिलाधिकारी हरिद्वार को हरिद्वार क्षेत्र और मुख्य रूप से कुन्हारी, तहसीलदार हरिद्वार को धनपुरा, उप जिलाधिकारी लक्सर को लक्सर क्षेत्र तथा मुख्य रूप से सुल्तानपुर और खड़ंजा कुतुबपुर, तहसीलदार लक्सर को लक्सर, उप जिलाधिकारी भगवानपुर को भगवानपुर क्षेत्र और तहसीलदार भगवानपुर को डाडा जलालपुर व सरठेड़ी शाहजहांपुर क्षेत्र की जिम्मेदारी दी गई है।

*पर्याप्त पुलिस बल की रहेगी तैनाती*

डीएम मयूर दीक्षित ने पुलिस प्रशासन को पर्व के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उप जिलाधिकारी अपने स्तर से नायब तहसीलदारों की भी आवश्यकता के अनुसार तैनाती करेंगे और लगातार स्थिति की निगरानी करते हुए उच्चाधिकारियों को अवगत कराएंगे। इसके अलावा अपर जिलाधिकारी को तहसील हरिद्वार, लक्सर तथा अपर जिलाधिकारी को तहसील रुड़की और भगवानपुर में कानून एवं शांति व्यवस्था का ओवरऑल इंचार्ज नामित किया गया है। डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ईद ए मिलाद उल नबी के दौरान कानून व्यवस्था के साथ-साथ साम्प्रदायिक सौहार्द, आपसी भाईचारे और शांतिपूर्ण माहौल को हर हाल में बनाए रखा जाए। उन्होंने आमजन से भी पर्व को शांतिपूर्ण, संयमित व सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button