कांवड़ मेले के बाद एनसीसी कैडेट्स ने संभाली स्वच्छता की कमान, ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ का दिया संदेश
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। धर्मनगरी में विश्व प्रसिद्ध कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन की ओर से ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ के संकल्प को लेकर स्वच्छता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में सोमवार को शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता की कमान संभालते हुए सिंह द्वार से प्रेम नगर आश्रम चौक, सतनाम साक्षी घाट एवं अग्रसेन घाट तक वृहद सफाई अभियान चलाया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन एवं जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत के नेतृत्व में आयोजित अभियान में शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स की बॉयज एवं गर्ल्स प्लाटून ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कैडेट्स ने कांवड़ पटरी के आसपास विशेष सफाई अभियान चलाकर मेले के दौरान जमा हुए कूड़े-कचरे को हटाया। अभियान के दौरान बड़ी मात्रा में प्लास्टिक की पन्नियां, पॉलिथीन, रैपर, कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य कचरा एकत्र किया गया। एकत्रित कचरे को सुरक्षित निस्तारण के लिए संबंधित व्यवस्था को सौंपा गया। कैडेट्स ने अनुशासन, सेवा भावना और जिम्मेदारी के साथ स्वच्छता अभियान में भाग लेते हुए स्थानीय लोगों एवं राहगीरों को भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कांवड़ मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही के कारण मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में जमा हुए कचरे को हटाने में एनसीसी कैडेट्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से आमजन के बीच स्वच्छता को लेकर सकारात्मक संदेश भी पहुंचा। अभियान के दौरान शिक्षा मंदिर तरुण हिमालय इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य त्रिलोक चंद्र भट्ट ने एनसीसी कैडेट्स का उत्साहवर्धन किया। वहीं एनसीसी प्रशिक्षक आशीष राजपूत एवं मनोज कुमार के नेतृत्व में कैडेट्स ने एकजुटता, अनुशासन और सेवा भावना के साथ अभियान को सफल बनाया। जिला प्रशासन ने स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने पर विद्यालय प्रबंधन, एनसीसी प्रशिक्षकों और सभी कैडेट्स की सराहना की। प्रशासन ने कहा कि ‘स्वच्छ हरिद्वार, सुंदर हरिद्वार’ के संकल्प को साकार करने के लिए जनभागीदारी के साथ स्वच्छता अभियान निरंतर जारी रहेगा।









