हरिद्वार

होटल के कमरे में मिला सेना के जवान का शव, मचा हड़कंप

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) रुड़की। रुड़की शहर में उस समय सनसनी फैल गई जब रोडवेज बस अड्डे के समीप स्थित एक होटल के बंद कमरे से सेना के एक जवान का शव बरामद हुआ। कई दिनों से होटल में ठहरे जवान के कमरे से कोई गतिविधि नहीं होने पर होटल कर्मचारियों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और डुप्लीकेट चाबी से कमरा खुलवाया, जहां जवान मृत अवस्था में मिला। घटना के बाद पुलिस, फोरेंसिक टीम और सेना के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान कमलदीप सिंह (40 वर्ष) निवासी गौरधारा, हल्द्वानी के रूप में हुई है। वह 14 जून से रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित एक होटल में ठहरे हुए थे। बुधवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने और आवाज देने के बावजूद कोई जवाब नहीं मिलने पर होटल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने कमरे की तलाशी के दौरान सेना का पहचान पत्र और अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए, जिनके आधार पर मृतक की पहचान की गई। पुलिस ने मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन पैटर्न लॉक होने के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में सेना के अधिकारियों को सूचना दी गई और मृतक के मोबाइल पर आए एक परिचित के फोन के माध्यम से परिजनों तक घटना की जानकारी पहुंचाई गई। घटनास्थल पर पहुंची फोरेंसिक टीम और सेना के अधिकारियों ने कमरे का गहन निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जवान की मौत किन परिस्थितियों में हुई। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Related Articles

Back to top button