बहादराबाद पुलिस ने एटीएम फ्रॉड गिरोह का किया पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
17 नकली एटीएम कार्ड बरामद, रेकी कर बुजुर्गों और महिलाओं को बनाते थे निशाना

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। हरिद्वार की बहादराबाद कोतवाली पुलिस को उस समय बड़ी सफलता हाथ लगी जब एटीएम फ्रॉड कार्ड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर जनपद में बढ़ रही एटीएम ठगी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वहीं बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर क्षेत्र में एटीएम फ्रॉड से जुड़ी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की गई। बहादराबाद कोतवाली में तैनात उप निरीक्षक हेमदत्त भारद्वाज द्वारा शुक्रवार रात्रि को पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया हुआ था, बिना नंबर प्लेट की पल्सर मोटरसाइकिल पर दो युवक सवार को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो पुलिस को देख दोनों युवक पथरी पावर हाउस की ओर भागने लगे, पुलिस ने घेराबंदी करते हुए पकड़ लिया। वहीं इस बाबत पर बहादराबाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमरजीत सिंह ने बताया कि एटीएम बूथों के आसपास रेकी कर बुजुर्गों, महिलाओं समेत कम पढ़े लिखे लोगों निशाना बनाते थे। उन्होंने बताया कि पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि लोगो की मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड बदल कर खातों से पैसे निकालकर वारदात को अंजाम देते थे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पहले भी दोनों आरोपी एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के मामलों में जेल जा चुके है साथ ही दोनों आरोपी शिवा उर्फ शिव ओर मधुसूदन उर्फ मनोज के पास से 17 एटीएम कार्ड, एक मोटरसाइकिल पल्सर, दो मोबाइल फोन समेत 900 रुपए नकद बरामद हुए है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।









