ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के अंतर्गत पुलिस लगातार अपराधियों और संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशानुसार कोतवाली रानीपुर पुलिस ने सघन चैकिंग अभियान चलाते हुए अलग-अलग स्थानों से दो आरोपियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर के नेतृत्व में पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों की चैकिंग की गई। अभियान के दौरान बीएचईएल शिवालिक गेस्ट हाउस जाने वाले कच्चे रास्ते से पुलिस ने उमेश गुप्ता पुत्र नर सिंह निवासी विष्णुलोक कॉलोनी, रानीपुर को गिरफ्तार किया है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध चाकू बरामद हुआ। इसी क्रम में जमालपुर नहर पटरी क्षेत्र से पुलिस टीम ने शिवम कुमार पुत्र विनोद कुमार निवासी ग्राम सैदाबाद थाना लक्सर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह हाल ही में जमानत पर जेल से बाहर आया है और कुछ लोगों से विवाद होने के कारण अपनी सुरक्षा के लिए तमंचा साथ रखता था। पुलिस द्वारा आरोपी के मोबाइल की जांच में देशी तमंचों और मस्कट बंदूक के साथ उसकी तस्वीरें भी मिलीं है। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पूर्व में यह हथियार लक्सर क्षेत्र से खरीदे थे और बाद में बेच दिए थे। दोनों आरोपियों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों पर पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुबोध घिल्डियाल, कांस्टेबल अजय कुमार, विवेक गुसांई, रविन्द्र बिष्ट एवं मंजीत राणा की अहम भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि जनपद में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ऑपरेशन प्रहार के तहत आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।









