आर्थिक देशभक्ति को जन-आंदोलन बनाने की आवश्यकता: बीएचईएल कार्यपालक रंजन कुमार
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। वैश्विक स्तर पर बढ़ते तनाव और ऊर्जा संरक्षण की आवश्यकता को देखते हुए बीएचईएल हरिद्वार के कार्यपालक निदेशक रंजन कुमार ने सभी कर्मचारियों से ईंधन बचत को जन-आंदोलन बनाने की अपील की है। जागरूकता अभियान के तहत उन्होंने महाप्रबंधक (मानव संसाधन) संतोष कुमार गुप्ता एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पैदल कार्यालय पहुंचकर संदेश दिया। इसके साथ ही फैक्ट्री परिसर में भी उन्होंने पैदल आवागमन किया। हरिद्वार इकाई के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए रंजन कुमार ने कहा कि वर्तमान समय में ईंधन की बचत केवल आर्थिक आवश्यकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आर्थिक देशभक्ति के संदेश को आत्मसात करते हुए पेट्रोल और डीजल के विवेकपूर्ण उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कर्मचारियों से सार्वजनिक और निजी जीवन में वाहनों का सीमित एवं आवश्यकतानुसार उपयोग करने की अपील की, ताकि ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। रंजन कुमार ने कहा कि छोटी-छोटी आदतों में बदलाव करके बड़े सकारात्मक परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि बीएचईएल हरिद्वार परिवार राष्ट्रहित के इस अभियान में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाएगा। साथ ही उन्होंने कर्मचारियों से इस संदेश को अपने परिवार, मित्रों और समाज तक पहुंचाने तथा इस मुहिम में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उल्लेखनीय है कि भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड हरिद्वार द्वारा ऊर्जा एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार प्रयास किए जाते रहे हैं और भविष्य में भी जन-जागरूकता बढ़ाने वाली विभिन्न पहल जारी रहेंगी।









