कलियर पुलिस ने 1.222 किलो चरस के साथ तस्कर को दबोचा, चार लाख की बताई जा रही कीमत
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत हरिद्वार की कलियर पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 1 किलो 222 ग्राम अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तस्करी में प्रयुक्त रेनॉल्ट काइगर कार और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब चार लाख रुपये बताई जा रही है।एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार और नशा मुक्त देवभूमि अभियान के तहत 9 नवंबर को कोतवाली पिरान कलियर पुलिस बेड़पुर चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध रेनॉल्ट काइगर कार को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान कार सवार मोनू निवासी खेड़ी शिकोहपुर, थाना भगवानपुर के कब्जे से 1 किलो 222 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में नशा करने वाले लोगों से थोड़ी थोड़ी मात्रा में चरस एकत्र करता था और उसे कलियर क्षेत्र में अधिक कीमत पर बेचकर मुनाफा कमाता था। आरोपी पेशे से ड्राइवर है और व्यक्तिगत खर्चों की पूर्ति के साथ अधिक पैसा कमाने के लालच में नशा तस्करी करने लगा था।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी मोनू के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटा रही है।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, एसआई अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली, माजिद खान, अमित कुमार और कांस्टेबल आविद अली शामिल रहे।









