उत्तराखण्ड ने विकास के 26 वर्षों में तय किया उपलब्धियों का लंबा सफर, धूमधाम से मना राज्य स्थापना दिवस
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। उत्तराखण्ड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ जनपद हरिद्वार में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर ऋषिकुल ऑडिटोरियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह का शुभारंभ जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह में प्रदेश की विकास यात्रा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और राज्य की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, राज्य आंदोलनकारियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने प्रतिभाग किया। समारोह के दौरान गैरसैंण स्थित भराड़ीसैंण विधानसभा भवन में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन को देखा और सुना। इस अवसर पर राज्य निर्माण आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले आंदोलनकारियों को पटका एवं माला पहनाकर सम्मानित किया गया। उनके संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्तराखण्ड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं, लोकगीतों एवं लोकनृत्यों पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बनाया। विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उत्तराखण्ड राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान का परिणाम है। राज्य ने बीते 26 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने हरिद्वार जनपद की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला देश का पहला राज्य बना है। जनपद हरिद्वार में इसके अंतर्गत एक लाख से अधिक पंजीकरण हो चुके हैं तथा यूसीसी पंजीकरण में हरिद्वार प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने बताया कि नीति आयोग द्वारा जनपद हरिद्वार को आकांक्षी जनपद एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित किया गया है। जुलाई 2022 की रिपोर्ट में हरिद्वार ने देश के 112 आकांक्षी जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए 10 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिली। वहीं, मार्च 2024 की रैंकिंग में वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए तीन करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि प्राप्त हुई। प्रभारी मंत्री ने बताया कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत जनपद में 71 बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किए गए, जिनमें लगभग 2,231 शिकायतों का निस्तारण किया गया। 22 हजार से अधिक प्रमाण पत्रों के लिए आवेदन प्राप्त हुए तथा 51 हजार से अधिक लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। उन्होंने मिशन ज्ञान गंगा का उल्लेख करते हुए कहा कि कक्षा 3 से 12 तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं सरल डिजिटल शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराना एक अभिनव पहल है। उन्होंने बताया कि जनपद में एक लाख से अधिक किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि तथा लगभग एक लाख 37 हजार लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिल रहा है। आयुष्मान योजना के तहत 10 लाख 40 हजार से अधिक कार्ड जारी किए जा चुके हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में नौ हजार से अधिक तथा शहरी क्षेत्रों में 4,500 से अधिक लाभार्थियों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत दो लाख 52 हजार लोगों को लाभान्वित किया गया है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उपलब्धियों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि पिछले पांच वर्षों में नंदा गौरा कन्याधन योजना के अंतर्गत 32,825 बालिकाओं को लाभान्वित किया गया। इसी अवधि में 69,122 लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की गई तथा पोषण योजना के अंतर्गत प्रतिवर्ष लगभग दो लाख लाभार्थियों को लाभ दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से जनपद की 23 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के अंतर्गत 1,500 सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने के लिए 9.60 करोड़ रुपये की अनुदान राशि वितरित की गई है। मनरेगा के माध्यम से लगभग एक लाख परिवारों को रोजगार उपलब्ध कराया गया है। मत्स्य उत्पादन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य गठन के समय हरिद्वार में मत्स्य उत्पादन 850 क्विंटल था, जो अब बढ़कर 30 हजार क्विंटल से अधिक हो गया है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत भी लगभग 13 हजार से अधिक व्यक्तियों को लाभान्वित किया गया है। आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत प्रभारी मंत्री ने बताया कि रोड़ी बेलवाला पुनर्विकास परियोजना, प्रशासनिक मार्ग कॉरिडोर विकास परियोजना तथा गंगा घाटों के सौंदर्यीकरण एवं स्वच्छता अभियानों की कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है। ऋषिकुल स्थित मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान के विकास एवं विस्तार के लिए नई सोसाइटी के गठन को सैद्धांतिक अनुमोदन दिया गया है। इसके तहत योग एवं ध्यान केंद्र, आयुर्वेद अध्ययन केंद्र, ज्योतिष एवं प्राच्य अध्ययन केंद्र तथा ललित कला केंद्र विकसित किए जाने की योजना है। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें बागवानी, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, डेयरी, सौर ऊर्जा, सहकारिता एवं प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के लाभार्थी शामिल रहे। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं तथा स्वच्छ एवं सुंदर हरिद्वार बनाने में योगदान देने वाले नगर निगम के पर्यावरण मित्रों को भी सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रभारी मंत्री एवं अन्य अतिथियों ने सूचना एवं लोक संपर्क विभाग, उत्तराखण्ड द्वारा प्रकाशित विकास पुस्तिका ‘सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊंची उड़ान’ का विमोचन किया। मेयर नगर निगम हरिद्वार किरण जैसल ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित हरिद्वार बनाने में सभी नागरिकों से सहयोग की अपील की। वहीं, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि आंदोलनकारियों के सपनों का विकसित उत्तराखण्ड बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में मतदाता जागरूकता को लेकर जनचेतना मंच द्वारा नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। प्रभारी मंत्री ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को कृषि, स्वास्थ्य, बाल विकास, समाज कल्याण, स्वरोजगार, ऊर्जा, डेयरी, मत्स्य पालन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का सफल संचालन विनोद प्रसाद मिश्रा एवं डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति एवं अजीत चौधरी, विधायक रानीपुर आदेश चौहान, अनीस गौड़, आयुक्त गढ़वाल मंडल आनन्द स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार एवं वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, सीओ हरिद्वार शिशुपाल सिंह नेगी सहित राज्य आंदोलनकारी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। राज्य स्थापना दिवस का यह समारोह उत्तराखण्ड के गौरवशाली इतिहास, आंदोलनकारियों के संघर्ष और विकासशील भविष्य के संकल्प को समर्पित रहा।









