दक्षदीप, गौरी शंकर, बैरागी कैंप और लालजीवाला में सुचारू जलापूर्ति से शिवभक्तों को बड़ी राहत
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। कांवड़ यात्रा में हरिद्वार पहुंच रहे लाखों शिवभक्तों की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन और पेयजल निगम लगातार व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में जुटे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पड़ावों और पार्किंग स्थलों पर पेयजल की पर्याप्त एवं सुचारू व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। दक्षदीप और गौरी शंकर क्षेत्र से लेकर बैरागी कैंप तथा लालजीवाला पार्किंग तक शिवभक्तों को पर्याप्त पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। अधिशासी अभियंता जल निगम राजेश गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी और लंबी पैदल यात्रा को देखते हुए कांवड़ियों के लिए विभिन्न स्थानों पर पेयजल की विशेष व्यवस्था की गई है। दक्षदीप और गौरी शंकर क्षेत्र में नियमित रूप से पानी की आपूर्ति की जा रही है। बेहतर पेयजल व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को पानी के लिए परेशान नहीं होना पड़ रहा है। कांवड़ियों ने भी व्यवस्था को संतोषजनक बताते हुए इसकी सराहना की है। उन्होंने बताया कि बैरागी कैंप पार्किंग और लालजीवाला पार्किंग में भी कांवड़ियों की आवश्यकताओं के अनुसार पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को पानी की समस्या का सामना न करना पड़े। अधिशासी अभियंता ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में कांवड़ यात्रा एवं मेले के दौरान हरिद्वार आने वाले शिवभक्तों को पीने, खाना बनाने, स्नान करने तथा शौचालयों के लिए पानी की किसी प्रकार की कमी न हो, इसके लिए उत्तराखंड पेयजल निगम, हरिद्वार द्वारा हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। कांवड़ पड़ावों, पार्किंग स्थलों और अन्य प्रमुख क्षेत्रों में पानी की नियमित एवं सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इस दौरान दिनेश अग्रवाल ने बेहतर पेयजल व्यवस्था के लिए पेयजल निगम का आभार व्यक्त करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में लाखों श्रद्धालुओं की मूलभूत आवश्यकताओं को पूरा करना बड़ी जिम्मेदारी है। पेयजल निगम द्वारा जिस तत्परता और समर्पण के साथ व्यवस्थाएं संचालित की जा रही हैं, वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि दक्षदीप, गौरी शंकर, बैरागी कैंप और लालजीवाला सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में पर्याप्त पानी की उपलब्धता शिवभक्तों के लिए बड़ी राहत है। यदि पेयजल व्यवस्था इसी तरह सुचारू बनी रहती है तो कांवड़ियों को यात्रा के दौरान पानी को लेकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।









