हरिद्वार

भाजपा राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने गिनाई केंद्र सरकार की उपलब्धियां

बुद्धिजीवियों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों की उपलब्धियों तथा “विकसित भारत-2047” के संकल्प को लेकर मध्य हरिद्वार स्थित वैभव ग्रैंड होटल में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया। अपने संबोधन में अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया गया है। गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण, किसान हित, युवाओं के लिए रोजगार, डिजिटल क्रांति और आधारभूत संरचना के विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं, 4 करोड़ परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ मिला है तथा 3 करोड़ महिलाएं “लखपति दीदी” योजना के माध्यम से सशक्त बन रही हैं। इसके अलावा 57 करोड़ मुद्रा ऋण, 12 करोड़ शौचालयों का निर्माण, रिकॉर्ड निर्यात और यूपीआई लेनदेन में अभूतपूर्व वृद्धि जैसी उपलब्धियों का भी उल्लेख किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि “विकसित भारत-2047” केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनील गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुधारों और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज भारत विश्व मंच पर एक मजबूत और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। संवाद कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने भी अपने विचार और सुझाव साझा किए। अरुण सिंह ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा समाज के सभी वर्गों के साथ निरंतर संवाद स्थापित कर राष्ट्र निर्माण के कार्य को आगे बढ़ा रही है। कार्यक्रम में उत्तराखंड संस्कृत विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति दिनेश चंद्र शास्त्री, भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button