हरिद्वार

बहादराबाद में 15 जून को लगेगा वित्तीय समावेशन मेगा कैंप, बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का मिलेगा लाभ

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। वित्तीय सेवाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और वित्तीय समावेशन को पूर्ण संतृप्ति तक ले जाने के उद्देश्य से पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 15 जून 2026 को गणपति फार्म, बहादराबाद में वित्तीय समावेशन संतृप्ति मेगा कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष शिविर में बैंकिंग सेवाओं से वंचित लोगों को विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। मेगा कैंप में पंजाब नेशनल बैंक के मंडल प्रमुख रंजन प्रकाश, लीड बैंक मैनेजर (एलडीएम) हरिद्वार दिनेश गुप्ता, एसएलबीसी के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि और बैंक अधिकारी मौजूद रहेंगे। शिविर के दौरान पात्र लाभार्थियों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (PMJJBY), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (PMSBY), अटल पेंशन योजना (APY) सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण किया जाएगा। साथ ही री-केवाईसी, सी-केवाईसी, नामांकन (नॉमिनेशन) और निष्क्रिय खातों को पुनः सक्रिय करने की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। बैंक अधिकारियों द्वारा डिजिटल बैंकिंग सेवाओं के उपयोग तथा साइबर एवं डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के संबंध में भी लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि नागरिक सुरक्षित और सशक्त बैंकिंग व्यवस्था का लाभ उठा सकें। पंजाब नेशनल बैंक एवं लीड बैंक कार्यालय हरिद्वार ने क्षेत्र की जनता, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों से अपील की है कि वह अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं और वित्तीय रूप से सशक्त बनने की दिशा में कदम बढ़ाएं। यह मेगा कैंप वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और प्रत्येक नागरिक को औपचारिक बैंकिंग प्रणाली एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button