किसानों की समस्याओं को लेकर भाकियू (टिकैत) पदाधिकारी ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि अगस्त 2025 में बहादराबाद टोल प्लाजा पर हुए किसान आंदोलन के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा घरेलू सोलर सब्सिडी, ट्यूबवेल की मुफ्त बिजली, स्मार्ट मीटर व्यवस्था समाप्त करने सहित अन्य मुद्दों पर आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक उनका समाधान नहीं हो पाया है। भाकियू (टिकैत) नेताओं ने कहा कि लगातार बढ़ती लागत के कारण खेती किसानों के लिए घाटे का सौदा बनती जा रही है। डीजल और अन्य कृषि उपयोगी वस्तुओं के बढ़ते दामों से किसान आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। किसानों की मांग है कि उन्हें खेती के लिए प्रति माह 50 लीटर टैक्स-मुक्त डीजल उपलब्ध कराया जाए ताकि खेती की लागत कम हो सके। ज्ञापन में यह भी मांग उठाई गई कि पटवारी सप्ताह में तीन दिन गांवों में तथा तीन दिन तहसील में बैठकर किसानों की समस्याएं सुनें और उनका त्वरित समाधान करें। इसके अलावा जनपद में डीएपी, यूरिया एवं अन्य कृषि उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की भी मांग की गई। गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी ने कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से किसानों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए ताकि कृषि कार्य सुचारू रूप से संचालित हो सके। ज्ञापन सौंपने के दौरान गढ़वाल मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, जिला अध्यक्ष हरिद्वार विजय शास्त्री, युवा मंडल अध्यक्ष पंकज चौधरी, सुपरमपाल, कुमार, परवीन कुमार, फिरोज अहमद, अरशद, प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र सिंह, विकेश कुमार, सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में किसान एवं मजदूर मौजूद रहे।









