हरिद्वार

संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर भगवानपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी

संत रविदास ने समाज को समरसता का मार्ग दिखाया: मुख्यमंत्री

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज बृहस्पतिवार को भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र के चुड़ियाला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने संत रविदास महाराज के जीवन, विचारों और सामाजिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने समाज को समानता, भाईचारे और मानवता का ऐसा संदेश दिया जिसने जाति-पांति और भेदभाव जैसी कुरीतियों को चुनौती दी। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचार आज भी समाज को एकजुट करने और समरसता स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने संत रविदास महाराज की जयंती को कलश वंदन यात्रा के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस अवसर पर उत्तराखंड के सभी 13 जिलों से आए प्रतिनिधियों को कलश भेंट किए गए, जिन्हें वे अपने-अपने जिलों में लेकर जाएंगे ताकि संत रविदास का समरसता और सामाजिक सद्भाव का संदेश प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार गरीब, वंचित और निर्बल वर्ग के उत्थान के लिए लगातार जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि इन योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे कार्यक्रम के बाद कांवड़ यात्रा को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां आने वाले सभी श्रद्धालुओं का स्वागत है। उन्होंने कहा कि सरकार कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Related Articles

Back to top button