हरिद्वार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्ष के सार्वजनिक सेवा सफर पर हरकी पैड़ी पहुंचे सीएम धामी, मंत्रिमंडल के साथ की गंगा आरती

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष की निरंतर सार्वजनिक सेवा पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरिद्वार स्थित हरकी पैड़ी पर मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मां गंगा से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु जीवन के साथ देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर प्रगति की कामना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। इसके बाद गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा पूरी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त कर राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि की कामना की। हरिद्वार में मंत्रिमंडल की बैठक से पहले आयोजित गंगा पूजन एवं आरती में कैबिनेट मंत्रियों ने भी भाग लिया। राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के विभिन्न जनपदों में मंत्रिमंडल की बैठकें आयोजित करने की पहल के तहत हरिद्वार में यह बैठक आयोजित की जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार का उद्देश्य शासन को प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंचाना और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देना है। इससे पहले 4 अक्टूबर को चम्पावत जनपद के बनबसा में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। सरकार की इस पहल को क्षेत्रीय आवश्यकताओं को शासन की प्राथमिकताओं से जोड़ने और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। हरिद्वार में कैबिनेट बैठक के आयोजन से स्थानीय और जनहित से जुड़े विषयों पर भी सरकार का ध्यान केंद्रित होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button