
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। नवरात्र के पहले दिन श्री राम निस्वार्थ सेवा समिति ट्रस्ट द्वारा वार्ड 44 त्रिमूर्ति नगर के पार्षद अहसान अंसारी के हाथों से श्री मां वैष्णो चमत्कारी मंदिर का उद्घाटन कराकर समाज में आपसी प्रेम और भाईचारे की मिसाल कायम पेश करते हुए धार्मिक विविधता के बीच आपसी सम्मान, विश्वास और हिंदू-मुस्लिम एकता का संदेश दिया। नवरात्रि के शुभारंभ पर माता दीपकला नंदा देवी ने विशेष साधना भी प्रारंभ की। उन्होंने कीलों की चौकी पर लेटकर तथा पेट पर रखी हांडी के ऊपर दीपक प्रज्वलित कर साधना शुरू की। उनकी यह साधना नौ दिनों तक प्रतिदिन सुबह छह बजे से अगले दिन सुबह चार बजे तक चलेगी। पार्षद अहसान अंसारी ने कहा कि सामाजिक रिश्तों की मजबूती आपसी सम्मान और सद्भाव पर निर्भर करती है। मंदिर समिति की इस पहल से हरिद्वार की गंगा-जमुनी तहजीब और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि अलग-अलग धर्मों को मानने वाले लोग एक-दूसरे की आस्था का सम्मान करते हुए समाज में एकता को मजबूत कर सकते हैं। इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष दीपक राम, रणवीर सैनी, चौधरी राजवीर सिंह, सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक अर्जुन लाल, सतीश, अखिल कुमार, रोहन बिरला सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे।









