रंगीन मत्स्य पालन से किसानों की आय बढ़ाने की पहल, डीएम मयूर दीक्षित ने किया मत्स्य क्लस्टर का निरीक्षण
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। जनपद में किसानों की आय बढ़ाने और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संचालित रंगीन मत्स्य पालन परियोजना को अब नई पहचान मिल रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बुधवार को ग्राम पंचायत भगतनपुर आबिदपुर स्थित चंद्रभागी मत्स्य सेवा केंद्र पहुंचकर रंगीन मत्स्य क्लस्टर का स्थलीय निरीक्षण किया और वहां किए जा रहे मत्स्य पालन कार्यों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के अंतर्गत संचालित इस क्लस्टर में किसानों द्वारा रंगीन मछलियों का पालन किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार नई योजनाएं लागू कर रही है और मत्स्य पालन उनमें से एक महत्वपूर्ण माध्यम बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार जनपद का यह पहला रंगीन मत्स्य क्लस्टर है, जो न केवल किसानों की आमदनी बढ़ाएगा बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। जिलाधिकारी ने प्रगतिशील किसानों से बातचीत कर मत्स्य पालन की प्रक्रिया और उनकी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसानों की मांगों के अनुरूप जिला योजना के माध्यम से आवश्यक धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी ताकि इस योजना को और प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मेहनत अन्य किसानों के लिए प्रेरणा का कार्य करेगी। इस अवसर पर सहायक निदेशक मत्स्य गरिमा मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री मत्स्य संपदा योजना के तहत आठ किसानों का एक क्लस्टर तैयार किया गया है, जिसमें चार महिला एवं चार पुरुष किसान शामिल हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में केवल दो जनपद हरिद्वार और उधम सिंह नगर में ही रंगीन मत्स्य पालन किया जा रहा है। क्लस्टर में गोल्डन फिश, ब्लैक शार्क, कोई कार्प और कबुतो कोई जैसी आकर्षक प्रजातियों का पालन किया जा रहा है, जिनकी बाजार में अच्छी मांग है। अधिकारियों के अनुसार यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है। निरीक्षण के दौरान काजल टोलियां, पंकज कुमार, संदीप सिंह पंचवाल, प्रकाश सिंह पंचवाल, सीनियर इंस्पेक्टर मत्स्य जयप्रकाश, रेनू वेरिया सहित कई किसान एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।









