हरिद्वार: सड़कों की मरम्मत तेज, दिन-रात चल रहा सीवरेज निर्माण कार्य
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। चारधाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से हरिद्वार में सीवरेज कार्यों के बाद खोदी गई सड़कों की मरम्मत का कार्य अब तेज गति से किया जा रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के क्रम में निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम द्वारा दिन-रात सड़क पुनर्निर्माण कार्य कराया जा रहा है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों और संबंधित ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए थे कि चारधाम यात्रा के दृष्टिगत जिन सड़कों को सीवरेज कार्यों के लिए खोदा गया है, उनकी मरम्मत हर हाल में शीघ्र पूरी की जाए ताकि स्थानीय जनता, व्यापारियों और तीर्थ यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। उनके निर्देशों के अनुपालन में विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा उत्तराखंड पेयजल निगम मीनाक्षी मित्तल ने जानकारी देते हुए बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 एवं पैकेज-02 के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण कार्य लगातार जारी हैं। उन्होंने बताया कि 12 मई को पैकेज-01 के अंतर्गत गली नंबर-3 में 33.45 मीटर सीसी रोड, इंद्रा कॉलोनी में 12 मीटर टाइल्स रोड, गली नंबर-6 में 43.2 मीटर सीसी रोड तथा इंटर कॉलेज रोड में 72.8 मीटर सीसी रोड का निर्माण पूरा किया गया। इस प्रकार पैकेज-01 में कुल 161.45 मीटर कार्य पूर्ण हुआ। वहीं पैकेज-02 के अंतर्गत मोहन एन्क्लेव में 52 मीटर सीसी रोड, अशोक विहार में 12 मीटर सीसी रोड, रत्न वाटिका में 50 मीटर सीसी रोड तथा त्रिलोक नगर में 26 मीटर पेवर ब्लॉक निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। इस पैकेज में कुल 140 मीटर कार्य संपन्न हुआ अधिकारियों के अनुसार विगत एक दिन में दोनों पैकेजों के अंतर्गत कुल 301.45 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया है। प्रशासन का कहना है कि निर्माण कार्यों में तेजी आने से चारधाम यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और स्थानीय नागरिकों को राहत मिलेगी।









