डीएम-एसएसपी ने कांवड़ियों का किया स्वागत, यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
रजत चौहान प्रधान सम्पादक
हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रजत चौहान) हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह शंकराचार्य चौक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ ही शिवभक्तों का फूल-मालाओं से स्वागत कर उन्हें फल, जूस, पेयजल एवं अन्य अल्पाहार वितरित किए।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कांवड़ियों से यात्रा के दौरान मिल रही सुविधाओं और व्यवस्थाओं के संबंध में बातचीत कर उनका फीडबैक भी लिया। श्रद्धालुओं द्वारा बताई गई समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मातहत अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
सेवा भाव से किए गए स्वागत और व्यवस्थाओं से उत्साहित कांवड़ियों ने जिला प्रशासन एवं हरिद्वार पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष के बीच श्रद्धालु अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए।
इस अवसर पर पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। उन्होंने भी शिवभक्तों को फल, पेयजल तथा अन्य आवश्यक सामग्री वितरित कर सेवा कार्य में सहभागिता निभाई। प्रशासन ने दोहराया कि कांवड़ यात्रा के समापन तक श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।









