मंगलौर में 18 लोगों पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज
मंगलौर में दिनदहाड़े जानलेवा हमला, मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित मुजफ्फर पुत्र याकूब, निवासी ग्राम पीरपुरा, थाना मंगलौर पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है, कि गंभीर आपराधिक मामलों में नामजद आरोपियों और उनके साथियों ने मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने के उद्देश्य से उनके भाई और अन्य लोगों पर हमला किया। तहरीर के अनुसार, मुख्य आरोपी अकील उर्फ भुट्टू पुत्र कासिम के विरुद्ध पहले से धारा 307 आईपीसी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपी पक्ष लगातार मुकदमों के गवाहों और पीड़ितों को धमकाकर समझौते के लिए दबाव बना रहा है। पीड़ित ने बताया कि 6 जुलाई 2026 को रोशनाबाद स्थित विकास भवन में हुई मारपीट के संबंध में थाना सिडकुल में मुकदमा संख्या 276/26 दर्ज कराया गया था। इसके बाद से ही आरोपी पक्ष मुकदमा वापस लेने का दबाव बना रहा था। शिकायत के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:15 बजे जब उनका भाई इंतजार दुकान जाने के लिए घर से निकला, तभी कई नामजद लोगों ने रास्ता रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने लाठी-डंडों, सरियों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि हमले के दौरान धारदार हथियार से वार किए जाने पर पीड़ित के भाई की गर्दन पर गंभीर चोट आई तथा कान का एक हिस्सा कट गया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायलों का उपचार जिला सरकारी अस्पताल हरिद्वार में कराया गया, जिसकी मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई है। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।









