20.40 ग्राम स्मैक के साथ नशा तस्कर गिरफ्तार, स्कूटी बरामद
ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026 के तहत रुड़की पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) रुड़की। युवाओं की नसों में नशे का जहर घोलने वाले तस्करों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का अभियान लगातार जारी है। ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन-2026 के तहत रुड़की पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 20.40 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी भी बरामद की है।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर जनपद में नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रुड़की पुलिस को नशा तस्करों की धरपकड़ और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए थे।
प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए जुनैद पुत्र रियासत निवासी खड़ंजा कुतुबपुर, थाना लक्सर, हरिद्वार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 20.40 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी को भी कब्जे में लिया।
बरामदगी और पूछताछ के आधार पर आरोपी के खिलाफ कोतवाली रुड़की में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपी से जुड़े नशा तस्करी के नेटवर्क और स्मैक की सप्लाई के स्रोत के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रजत और कांस्टेबल अनिल शर्मा शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।









