देहरादून

श्रमिक हितों और उद्योगों में सौहार्द बनाए रखने पर सरकार का जोर: सचिव उद्योग विनय शंकर पाण्डेय

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) देहरादून। देहरादून स्थित सिडकुल कार्यालय में मंगलवार को आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में राज्य सरकार ने उद्योगों और श्रमिकों के बीच बेहतर संवाद, श्रम कानूनों के पालन तथा श्रमिक हितों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट और सख्त निर्देश दिए। सचिव, उद्योग विनय शंकर पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में उद्योग विभाग, श्रम विभाग और विभिन्न इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य के औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिक असंतोष की घटनाओं को रोकना और उद्योगों में सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना था। सचिव उद्योग ने एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि वे श्रमिकों के साथ नियमित संवाद स्थापित करें, ताकि समस्याओं का समाधान समय रहते किया जा सके और असंतोष की स्थिति उत्पन्न न हो। श्रम आयुक्त पी.सी. दुम्का ने बैठक में श्रमिक असंतोष से जुड़े प्रमुख मुद्दों को विस्तार से रखा। इनमें अतिरिक्त समय के भुगतान, न्यूनतम वेतन को लेकर स्पष्टता, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा मानकों की मजबूती, शिकायत निवारण समिति के गठन तथा महंगाई भत्ते के एरियर के भुगतान जैसे विषय प्रमुख रहे। बैठक में यह निर्देश दिए गए कि सभी प्रतिष्ठान श्रम संहिताओं के अनुरूप शिकायत निवारण समितियों का तत्काल गठन करें। इन समितियों के माध्यम से श्रमिकों की समस्याओं को सुनने और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। राज्य सरकार द्वारा नॉन-इंजीनियरिंग इकाइयों के लिए घोषित परिवर्तनीय महंगाई भत्ते के एरियर की गणना 10 दिनों के भीतर पूरी करने तथा उसके बाद श्रमिकों को भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इससे श्रमिकों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। सचिव उद्योग ने कारखानों में स्वास्थ्य सुविधाओं को भी प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बड़े प्रतिष्ठानों में एम्बुलेंस की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जबकि कम कर्मचारियों वाले संस्थानों में आपातकालीन स्थिति में 108 सेवा का उपयोग किया जाए। साथ ही कर्मचारियों को नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश दिए जाने पर भी विशेष बल दिया गया। उद्योगों के प्रतिनिधियों ने बैठक में भरोसा दिलाया कि वे श्रम कानूनों का पूर्ण अनुपालन करेंगे तथा शिकायत निवारण समितियों के माध्यम से श्रमिकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखेंगे। बैठक में महानिदेशक उद्योग सौरभ गहरवार, अपर श्रम आयुक्त अनिल पेटवाल, महाप्रबंधक सिडकुल पूरन सिंह राणा सहित विभिन्न इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button